अपराध
मुजफ्फरपुर आम्रपाली ज्वेलर्स लूटकांड: पांच और आरोपी गिरफ्तार, 70 लाख की लूट में बड़ी सफलता
मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में 12 जून को हुए आम्रपाली ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लगभग 70 लाख रुपये की लूट के मामले में पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे कुल गिरफ्तारियों की संख्या नौ हो गई है। गिरफ्तार आरोपियों में लूट के लाइनर, हथियार सप्लायर और लूटे गए सोने को गलाकर खरीदने वाले ज्वेलर्स शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से लगभग पांच लाख रुपये के सोने के आभूषण, 50 हजार रुपये की चांदी, एक देशी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, दो बाइक, एक कार और 26,540 रुपये नकद बरामद किए हैं। ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने बताया कि इस मामले में पहले भी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 33 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए जा चुके थे। मुख्य लाइनर मिथिलेश कुमार और अजीत कुमार उर्फ भोला सिंह, हथियार सप्लायर जितेंद्र कुमार, और सोना गलाने वाले ज्वेलर्स प्रशांत कुमार व मुकेश कुमार गिरफ्तार किए गए हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Amar Ujala · 📍 दामोदरपुर